दतिया में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी। इसके दो दिन बाद बुधवार दोपहर को परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्वालियर-झांसी हाईवे पर बड़ौनी तिराहे के पास जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के बाइक सवार तीन युवक कमथरा तिराहे पर पैदल खड़े युवक से टकरा गए थे। इस के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। यह था मामला पुलिस के अनुसार कमथरा निवासी वृंदावन रविवार शाम सात बजे घर जाने के लिए कमथरा तिराहे पर खड़ा था। तभी बड़ौनी की तरफ से आ रही बाइक (MP32ZB9229) के चालक ने सामने से वृंदावन को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। वृंदावन को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार भी सड़क पर गिर गए थे। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने बाइक पर सवार रमाकांत सेन (24), मौसम रावत (18) और सौरभ रजक (20) के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों गंभीर घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दो युवकों की मौत घायल युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान रमाकांत सेन की देर रात मौत हो गई थी। जबकि, मौसम रावत की सोमवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उनका साथी सौरभ रजक और वृंदावन अहिरवार को रेफर कर दिया गया था। बाइक सवार तीनों युवक बड़ौनी में मोबाइल खरीदने आए थे और देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने घायल वृंदावन के भतीजे नरेंद्र अहिरवार की शिकायत पर बाइक चालक पर प्रकरण दर्ज किया है। आरोप- दोनों युवकों की मारपीट के बाद हुई मौत बुधवार को रावकला गांव निवासी उधम सिंह रावत ने आरोप लगाया कि गांव के मौसम रावत और रमाकांत सेन की मौत एक्सीडेंट में नहीं हुई है। बाइक सवार तीनों युवक कमथरा तिराहे पर वृंदावन अहिरवार से टकराए थे और बाइक बेकाबू होने पर तीनों गिर गए थे। हालांकि, इस दौरान किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को बेरहमी से पीटा। मारपीट में घायल हुए युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो युवकों की मौत हो गई। देश के सबसे लंबे हाईवे पर लगा जाम ग्वालियर झांसी मार्ग NH 44 हाईवे है। देश का सबसे लंबा हाईवे है। यह कन्या कुमारी को जम्मू कश्मीर से जोड़ता है। जाम लगने के कारण सड़क के दोनों और करीब एक-एक किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई। होश आने पर हुआ मामले का खुलासा ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। घायल सौरभ रजक का उपचार जारी था। जब सौरभ को होश आया तब उसने सारी बात बताई और मारपीट का खुलासा हुआ। अतिरिक्त बल मंगाया गया ग्रामीणों ने दोपहर 12 बजे ग्वालियर-झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया। 2 घंटे बीत जाने के बाद दोनों तरफ जाम लगने के बाद बड़ी संख्या में वाहन इसमें फंस गए और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ऐसे में मौके पर मौजूद बड़ौनी एसडीओपी ने अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया। एंबुलेंस को दिया रास्ता जाम के दौरान दोपहर करीब 1 बजे एक एंबुलेंस हाईवे से गुजर रही थी। जिसमें एक्सीडेंट से घायल हुआ एक मरीज था। ग्रामीणों ने इमरजेंसी को देखते हुए रास्ता साफ कर दिया और एंबुलेंस को आसानी से जाने दिया। एसडीओपी के समझाने से नहीं माने ग्रामीण सूचना लगते ही बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन इस दौरान ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। एसडीओपी का कहना था कि PM रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा हो जाएगा इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े रहे और जाम को बरकरार रखा।


