भास्कर न्यूज | छतरपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पिंडराही और ग्राम खेन्द्रा खुर्द में भाजपा नेत्री स्मिता आनंद ने जन चौपाल लगाकर लोगों के विचारों और समस्याओं को बारी-बारी से सुना। ग्रामीणों ने अपनी गांव, टोलों और पंचायत स्तरीय विभिन्न समस्याओं से स्मिता आनंद को अवगत कराते हुए समाधान का अनुरोध किया। जिसपर स्मिता ने समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने पिंडराही और खेन्द्रा गांव में जर्जर हुए पहुंच पथ निर्माण की मांग की, जिस पर स्मिता ने कहा कि पथ निर्माण संबंधी आवश्यक कार्रवाई संबंधित पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर बहुत जल्द ही पूर्ण की जाएगी। वहीं खेन्द्रा खुर्द को परहिया टोला से जोड़ने वाली सड़क के बीच स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण की मांग ग्रामीणों ने स्मिता आनंद से की जिसपर उन्होंने अपने टीम और ग्रामीणों के साथ स्थल तक पैदल पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और उक्त पुलिया निर्माण की भी घोषणा ग्रामीणों से की। भाजपा नेत्री स्मिता ने कहा कि वैसे लोग जिन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या हो, वे सीधे अपनी बातों को उन तक पहुंचाएं या स्वयं बेहिचक उनसे मिलने उनके आवास पर आएं। किसी भी वाया माध्यम की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ उनका सीधा जुड़ाव होना चाहिए, ताकि लोग सुगमता से अपनी बातों को उनके समक्ष रख पाएं। मौके पर जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वरी पाण्डेय, चेतन चौहान, भोला पांडेय, पिंडराही के मुखिया रीता देवी, सुरेंद्र सिंह, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, कौशल झा, मनोरंजन दुबे, ग्रामीण लक्ष्मण सिंह, प्रयाग विश्वकर्मा, मेघनाथ प्रजापति, राजेंद्र पासवान, गनौरी पासवान, ब्रह्मदेव सिंह, नन्कु सिंह, पुनीत सिंह, मुन्ना सिंह, अमनी कुंवर ललिता देवी आदि समेत सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित थे।


