चाईबासा| टाटा स्टील फाउंडेशन और एचडीएफसी बैंक के सहयोग से ग्रामीण विकास के अंतर्गत झींकपानी प्रखंड की तीन पंचायतों केलेंदे, नवागांव और टुटुगुटू के 14 गांवों के लिए दो दिवसीय जीपीडीपी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पहले दिन प्रतिभागियों ने सतत विकास लक्ष्य के बारे में जाना और चार्ट पेपर पर अपने गांवों के नक्शे बनाए और मौजूदा विकास योजनाओं की समीक्षा की। दूसरे दिन वे सीधे टोलों में पहुंचे, जहां ग्रामीणों की भागीदारी से सामाजिक और संसाधन मानचित्र तैयार कर योजना बनाई गई। इस प्रशिक्षण का सबसे बड़ा परिणाम यह रहा कि प्रतिभागियों ने सीखा कि किस तरह गांव की जरूरतों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सकता है और ग्राम सभा में ठोस, वित्त पोषित योजनाएं प्रस्तुत की जा सकती हैं। प्रतिभागियो ने कहा कि अब हम विकास का इंतजार नहीं करेंगे, बल्कि अपनी जीपीडी से खुद अपनी राह बनाएंगे।


