ग्रामीण पशुपालकों ​के बीच बकरी का किया वितरण

जामताड़ा| पशुपालन विभाग ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए सुपायडीह पंचायत के कोरेनटाइन सेंटर में बकरा-बकरी का वितरण किया। इस मौके पर पशुपालन विभाग की अधिकारी डॉ. नंदिता बेहरा और उप मुखिया प्रतिनिधि आरिफ हुसैन मौजूद रहे। डॉ. नंदिता बेहरा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। विभाग ने लाभार्थियों को स्वस्थ और अच्छी नस्ल के बकरा-बकरी दिए हैं, जिससे वे अपनी आजीविका मजबूत कर सकें। हर लाभार्थी को चार बकरियां और एक बकरा दिया गया। पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने मौके पर मौजूद रहकर लाभार्थियों को पशुओं की देखभाल, पोषण और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि सही देखभाल से पशुओं की उत्पादकता बढ़ेगी, जिससे लाभार्थियों को अधिक फायदा होगा। उप मुखिया प्रतिनिधि आरिफ हुसैन ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे न सिर्फ लाभार्थियों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे। लाभार्थियों ने सरकार और पशुपालन विभाग की इस पहल की सराहना की और इसे अपने जीवन में बदलाव लाने वाला कदम बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *