कोटा ग्रामीण पुलिस ने विशेष अभियान ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि कैथून थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शहिद उर्फ कालिया को एक अवैध देशी पिस्टल के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया था। अभियान एसपी सुजीत शंकर के निर्देशन, एडिशनल एसपी रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा डीएसपी राजेश ढाका के निकटतम मार्गदर्शन में चलाया गया। कैथून थानाधिकारी मनोज सिकरवार के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और उसके खिलाफ थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बरामद पिस्टल शकील मेवाती से लाना बताया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


