ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषदों में वार्डों का निर्धारण प्रोसेस पूरा करके चुनाव आयोग से लेकर आरक्षण निर्धारण करने वाली एजेंसियों को भेज दिए हैं। अब इन्हीं वार्डों में एसटी, एससी और ओबीसी आरक्षण तय होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। पंचायत चुनाव से चुनावों की शुरुआत होगी और 14,403 ग्राम पंचायतों में एकसाथ चुनाव कराए जाएंगे। उधर, सर्वाधिक वार्ड वाले जिलों में जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, सीकर और भीलवाड़ा शामिल हैं। इनमें 4 से साढ़े पांच हजार के बीच वार्ड रहेंगे। सबसे कम वार्ड सलूंबर, खैरथल-तिजारा, कोटा और जैसलमेर में रहेंगे। इनका आंकड़ा 1500 से दो हजार के बीच है। उधर, यह तय माना जा रहा है कि फरवरी के प्रथम सप्ताह के बाद चुनावी घोषणा और लॉटरी का प्रोसेस शुरू हो जाएगा। वार्डों के निर्धारण में तय किया गया है कि ग्राम पंचायतों में 1 लाख 32 हजार 282 वार्ड रहेंगे। इससे पहले प्रदेश में 1 लाख 9 हजार के करीब वार्ड थे। उधर, पंचायत समिति में 8221 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। इससे पहले ये साढ़े छह हजार के आसपास रहे थे। वहीं जिला परिषदों में करीब 1014 वार्ड निर्धारित थे, जो अब 1403 हो गए हैं। उधर, पहले 11,307 सरपंच बनते थे, जो अब 14,403 बनेंगे।


