रांची सदर अस्पताल के साथ मिलकर चलाया जाएगा अभियान हेल्थ रिपोर्टर| रांची रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ ने रांची में फैटी लीवर मुक्त रांची अभियान चलाने और नि:शुल्क स्क्रीनिंग की घोषणा की। सोमवार को प्रेसवार्ता कर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए फैटी लीवर मुक्त रांची अभियान की शुरुआत 5 अप्रैल से होगी। रांची लोकसभा क्षेत्र पूरे देश के लिए एक मॉडल बने, यह प्रयास रहेगा। रांची के लोगों की फैटी लीवर से स्क्रीनिंग हो सके, इसके लिए प्रसिद्ध लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन के समक्ष सदर अस्पताल रांची के साथ मिलकर इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। डॉ. एसके सरीन ने नि:शुल्क फैटी लीवर की स्क्रीनिंग पर अपनी सहमति दे दी है। संजय सेठ ने बताया कि आईएलबीएस और सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रांची में अप्रैल से फैटी लीवर की नि:शुल्क स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी। पहले चरण में मोटे, उच्च रक्तचाप एवं उच्च जोखिम वाले 30 हजार लोगों के स्क्रीन की व्यवस्था होगी। मोबाइल वैन से स्क्रीनिंग होगी।


