डीडवाना में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में 40 साल पुराना सामलाती भूमि विवाद का समाधान हुआ। पंचायत समिति डीडवाना की ग्राम पंचायत सूपका में आयोजित इस शिविर में 24 खातेदारों के बीच 127 बीघा (लगभग 20.46 हेक्टेयर) जमीन का बंटवारा किया गया, जिससे सभी को राहत मिली। जमीन का विवाद ग्राम सूपका सेवा एवं देवराठी के 24 खातेदारों से संबंधित था, जो पिछले 40 वर्षों से सामलाती खाते की भूमि को लेकर परेशान थे। सहायक शिविर प्रभारी ओमप्रकाश मेव (तहसीलदार डीडवाना) के समक्ष मामला प्रस्तुत किया गया। खातेदारों की आपसी सहमति से भूमि विभाजन का निर्णय लिया गया। मौके पर 24 खातेदारों के नाम पर अलग-अलग खाते खोले कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर पटवारी हल्का मुकेश कुमार मीणा और निरीक्षक भू-अभिलेख विमला देवी मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट के आधार पर शिविर प्रभारी ओमप्रकाश मेव ने नक्शे के अनुसार भूमि का बंटवारा कर पांच विभाजन पत्र जारी किए। परिणामस्वरूप, 24 खातेदारों के नाम पर अलग-अलग खाते खोले गए, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ। अन्य राजस्व मामलों का निस्तारण इस शिविर में 18 अन्य राजस्व रिकॉर्ड शुद्धि के प्रकरणों का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया। लाभार्थियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत स्वयं इन शिविरों की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।


