बड़वानी। जिले के ग्राम दवाना के किसान के खेत में बोएं गए डालर चना की फसल को उखाड़ने का मामला आज 23 दिसंबर किसान दिवस के अवसर पर सुबह 10 सामने आया है। जहां बीती रात को ग्राम दवाना निवासी किसान दादू सिंह पटेल के ठीकरी-बडवानी रोड स्थित खेत से लगभग 1 बीघा क्षेत्र में बोई गई डालर चना फसल को अज्ञात बदमाशों के द्वारा नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित किसान दादू सिंह पटेल ने बताया कि रविवार सोमवार दरमियानी रात को अज्ञात लोगों के द्वारा उनके खेत में बोई डालर चना की फसल को नुकसान पहुंचा दिया है। जिससे उन्हें लगभग एक लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं उन्होंने बताया कि दवाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटना पहली बार घटित हुई है। किसान ने प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग कि है। वहीं, अब ठीकरी थाने पर शिकायत करने की बात भी कही गई है। इस दौरान किसान के साथ स्थानीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद चौहान भी उपस्थित रहे।


