चिल्फी घाटी । जिला आयुर्वेदिक विभाग की ओर से ग्राम पंचायत चिल्फी में शुक्रवार को पांच दिवसीय निशुल्क योग शिविर शुरू हुआ। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक चलेगा। इसमें प्राणायाम, भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली, शीतकारी और सूक्ष्म व्यायाम कराए जा रहे हैं। इनसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, कमर दर्द, कब्ज और पेट संबंधी बीमारियों में लाभ मिलता है। शिविर का आयोजन जिला आयुर्वेद अधिकारी कबीरधाम ने किया है। इसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिल्फी के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार टंडन की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। योग प्रशिक्षक भुनेश्वर साहू ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को योग के प्रति जागरूक कर रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिविर में भाग ले रहे हैं। योग करने वाले बच्चों को प्रतिदिन अंकुरित चना और काढ़ा दिया जा रहा है। शिविर में शिक्षक तामेश्वर सिंह, सुभाष कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।


