जगदीशपुर | राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत एमएसएफसी इंडिया कंपनी के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद पंचायत स्तर पर नवनिर्वाचित पंचों का बुनियादी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जगदीशपुर, नरसिंगपुर, बोईरडीह, चनौरडीह, बामडीह और रेमडा ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत राज व्यवस्था, पंचायत के अधिकार व दायित्व, वित्तीय प्रबंधन, ग्राम विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय सतत विकास लक्ष्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अनीश कुमार उपसरपंच जगदीशपुर और रोलियर नंदा पंच जगदीशपुर ने बताया कि प्रशिक्षण में सक्षम पंचायत से विकसित भारत की ओर की परिकल्पना को साकार करने के लिए भारत ने वर्ष 2030 तक संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया है। इस मौके पर खगेश्वर बरिहा, तिलक साव, सचिव कृष्ण कुमार चौहान, निराकार पटेल, चित्रसेन बारीक सहित अन्य मौजूद थे।


