गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ग्रीन वुड अपार्टमेंट योजना के लिए बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। इससे आसपास के मकानों में व सड़क में दरार पड़ने लगी। अपने आशियाने की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हो गए और GDA पहुंचकर इस बात की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद वहां प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनन्द वर्द्धन, सचिव उदय प्रताप सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह व अन्य अधिकारी वहां पहुंच गए। मौके का निरीक्षण किया गया और काम रोक कर आसपास के मकानों के सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण की ओर से लग्जरी अपार्टमेंट की आवासीय योजना के रूप में ग्रीन वुड को लांच किया गया है। इसमें सभी फ्लैट में सर्वें क्वार्टर दिए जा रहे हैं। क्लब व स्वीमिंग पूल की सुविधा वाली यह प्राधिकरण की पहली योजना है। मुक्ताकाशीमंच के पास लगभग 5 एकड़ क्षेत्रफल में इसका निर्माण किया जा रहा है। निर्माण का जिम्मा पाने वाली कंपनी ने वहां बेसमेंट के लिए खुदाई शुरू कर दी थी। इसी बीच कुछ मकानों की दीवारों में दरार की शिकायत आ गई।
सतर्क हो गए नागरिक
दीवार व सड़क में दरार देखकर गौतम विहार कालोनी के नागरिक सतर्क हो गए। गुरुवार को वे जीडीए कार्यालय पहुंचे और मकानों की स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना में काम के कारण सड़क व मकान धंसने के कारण दीवारों पर दरार पड़ गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का काम रोक कर पहले कालोनी के मकानों की सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएं। अमरपाल सिंह, राधेश्याम चौबे, गामा प्रसाद, राजमंगल सिंह, अवधेश सिंह, रमेश चंद, बीपी दुबे, राजेश कुमार सिंह आदि ने कहा कि बिना सुरक्षा के काम किया गया तो मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो जाएगा। गौतम विहार कालोनी भी जीडीए की ओर से ही विकसित की गई है।
कालोनी के मकानों की सुरक्षा का रखा जाएगा ध्यान
जीडीए उपाध्यक्ष मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने काम करा रही फर्म सहित जीडीए के अधिकारियों से बात की। उन्होंने कालोनी के लोगों को आश्वस्त किया कि मकानों की सुरक्षा के उपाय करने के बाद ही काम शुरू कराया जाएगा। इस बीच ग्रीनवुड अपार्टमेंट का काम रोक दिया गया है।
–


