जामताड़ा |झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ (जेपीएसएस) जामताड़ा इकाई ने सोमवार को जिला उपायुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रेड-4 प्रोन्नति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के पत्रांक से यह स्पष्ट है कि प्रोन्नति प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। लेकिन जब तक झारखंड राज्य एकीकृत प्रारंभिक विद्यालय शिक्षक प्रोन्नति नियमावली-2025 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप संशोधित नहीं किया जाता, तब तक की जाने वाली किसी भी प्रोन्नति को नियमविरुद्ध और न्यायालय की अवमानना माना जाएगा। न्यायालय के आदेशों के अनुरूप संशोधित नियमावली लागू होने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में जेपीएसएस जामताड़ा इकाई के जिलाध्यक्ष अभिजीत प्रकाश झा, कोषाध्यक्ष प्रकाश पान, प्रेस प्रवक्ता अनमोल पंडित, प्रखंड समन्वयक कृपाशंकर टुडू सहित कई सक्रिय सदस्य एवं महिला शिक्षक शामिल थे। संघ ने चेतावनी दी कि यदि बिना संशोधित नियमावली लागू किए प्रोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, तो यह शिक्षकों के हितों के खिलाफ होगा और न्यायालय की अवमानना भी सिद्ध होगी।


