शिवपुरी जिले में नाबालिग बच्चियों के लगातार गायब होने और पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर ग्वालियर हाई कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। मामले की सुनवाई करते हुए डिवीजन बेंच ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला है कि कुछ लड़कियां पिछले 10 साल से लापता हैं और पुलिस के हाथ खाली हैं। कोर्ट ने चिंता जताई कि अभी तक यह भी साफ नहीं है कि ये लड़कियां अपनी मर्जी से घर छोड़ गई थीं या उन्हें किसी देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया गया है। हाई कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना और शिवपुरी एसपी अमन सिंह को व्यक्तिगत रूप से तलब किया। एसपी शिवपुरी ने कोर्ट के समक्ष गायब हुईं नाबालिग बच्चियों के संबंध में आंकड़े पेश किए। अब हाई कोर्ट ने दोनों अधिकारियों को चार बिंदुओं पर जानकारी देने के लिए कहा है। मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी 2026 को होगी। शिवपुरी एसपी अमन सिंह ने बताया कि 2014 से अब तक 30 बच्चियां लापता हैं।


