किला स्थित राणा की छत्री से गुरुवार दोपहर 2:30 बजे एक युवती कूद गई। वह करीब 300 फीट नीचे झाड़ियों में गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती कुछ देर छत्री पर इधर-उधर घूमती दिखी और फिर कूद गई। घटना के बाद रात 7 बजे युवती का भाई उसे ढूंढता हुआ किले पर पहुंचा। यहां सूचना मिलने पर वह ग्वालियर थाना पहुंचा और युवती का फोटो देखकर मृतका की शिनाख्त शीतल श्रीवास्तव(27) निवासी जडेरुआ के रूप में की। इस घटना ने किले में सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। डेढ़ साल में 10 से ज्यादा लोग किले से गिर चुके हैं। मृतका के भाई रोहित ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी घर से बिना बताए निकल गई थी। तब वह रेलवे स्टेशन पर मिली थी। बहन का इलाज भी चल रहा था, वह परेशान रहती थी। थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया युवती किले से तलहटी में बसे गोलंदाज मोहल्ले के ऊपर झाड़ियों में गिरी थी। ग्वालियर थाने में साल की 39वीं मौत, 7 किले से गिरे… किले से कूदकर या गिरने से होने वाली मौतों के मामले तीन थानों बहोड़ापुर, ग्वालियर व पड़ाव में दर्ज किए जाते हैं। शीतल श्रीवास्तव की मौत का मामला 39वां है। थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि तीन माह पहले एक किशोरी गिरी थी, लेकिन बच गई थी, एक युवक भी बच गया था। ग्वालियर थाने क्षेत्र से किले से गिरकर मौत के यह लगभग 7वां केस है। पड़ाव थाना क्षेत्र में विगत तीन वर्षों में किले से गिरने के 5 मामले दर्ज हुए। सबसे अधिक बहोड़ापर अौर दूसरे स्थान पर ग्वालियर थाने में किले से गिरने के मामले दर्ज होते हैं। भास्कर फर्स्ट पर्सन पहले लड़की चीखी- बचाओ, ऊपर से दो लड़के चिल्लाए- मरी कि बच गई? स्थान: गोलंदाज मोहल्ला, उपनगर ग्वालियर
समय: दोपहर 2:30 बजे,
दृश्य: ऊंचाई पर बसे गोलंदाज मोहल्ले में बुधवार को घर के काम निपटाकर महिलाएं बाहर धूप में बैठी थीं। बीचोंबीच बने चौक में बच्चे खेल रहे थे। दोपहर 2:30 बजे अचानक लड़की की चीख सुनी- बचाओ। इतने में किला तलहटी में किले के ऊपरी हिस्से से कोई कूदा। करीब आधा किलोमीटर चढ़ाई कर लोग टंकी के ऊपरी हिस्से में पहुंचे तो लोअर टी-शर्ट पहने युवती खून से लथपथ पड़ी थी। पैर में मौजे और सेंडल थीं। किले के ऊपर खड़े दो लड़के नीचे लोगों से पूछ रहे थे- लड़की मरी कि बच गई? पुलिस और क्षेत्रीय लोगों की मदद से युवती के शव को चादर में लपेटकर नीचे लाया गया।
(जैसा कि अविनाश पांडे, निवासी गोलंदाज ने बताया) कलेक्टर ने लिखा था पत्र- किले से लोग गिर रहे, सुरक्षा बढ़ाएं
ग्वालियर किले में 1000 से ज्यादा सैलानी प्रतिदिन पहुंचते हैं। इनकी सुरक्षा को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान ने 7 सितंबर 2025 को राज्य पुरातत्व विभाग को पत्र लिखा था कि किले से गिरकर कई लोगों की मौत हो चुकी है। किले पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी की जाए। इसके बावजूद किले पर न पर्याप्त सुरक्षा गार्ड हैं न सीसीटीवी कैमरे।


