ग्वालियर किले से कूदकर आत्महत्या करने वाली छात्रा की पहचान हो गई है। 27 वर्षीय छात्रा का नाम शीतल श्रीवास्तव पिता राजीव श्रीवास्तव है। उसका परिवार जडेरुआ शंकर कॉलोनी में रहता है। शीतल ने बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच किले से छलांग लगा दी थी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शीतल पढ़ाई में होनहार थी। करीब दो साल पहले उनका चयन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में हुआ था। उसने एक-दो महीने नौकरी भी की, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। वर्तमान में वह सिविल सेवा (IAS) परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। मां की डांट के बाद घर से निकली थी शीतल पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे शीतल को उनकी मां ने किसी बात पर डांटा था। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थीं। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर भाई रोहित ने उसे कई जगह तलाशने की कोशिश भी की। पिता की मौत से डिप्रेशन में थी छात्रा परिजनों और परिचितों के अनुसार शीतल के पिता राजीव श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट थे, जिनका 23 अक्टूबर को हार्टअटैक से निधन हो गया था। पिता की मौत से शीतल को गहरा सदमा लगा था और वह काफी समय से डिप्रेशन में थी। पिता के निधन से पहले उनकी शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन बाद में यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। 300 मीटर नीचे लगाई छलांग यह घटना किला गेट थाना क्षेत्र के गोलदाज मोहल्ले की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्रा कूदने से पहले किले पर कुछ देर तक घूमती रही, फिर अचानक उसने करीब 300 मीटर नीचे छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अनूप भदौरिया ने बताया कि घटना के समय छात्रा की पहचान नहीं हो सकी थी। कुछ देर बाद उसका भाई मौके पर पहुंचा, जिसके बाद उसकी पहचान शीतल श्रीवास्तव के रूप में हुई। मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। ये खबर भी पढ़िए… ग्वालियर किले की तलहटी में मिली युवती की लाश ग्वालियर में किले की तलहटी में युवती का शव पड़ा मिला है। घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे ग्वालियर थाना क्षेत्र के किला तलहटी स्थित गोलअंदाज मोहल्ले की है। स्थानीय लोगों ने किले की तलहटी में युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। पढ़ें पूरी खबर…


