ग्वालियर में शनिवार अलसुबह तेज आवाज के साथ पानी की मुख्य लाइन फट गई। अचानक हुई इस घटना से रहवासियों के मकानों की नींव हिल गई और कई घरों में दरारें आ गईं। लोगों को ऐसा महसूस हुआ मानो भूकंप आ गया हो। मकानों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, अरनव ग्रीन सिटी में बिछाई गई 22 इंच की पानी की लाइन अचानक तेज आवाज के साथ धंस गई। सड़क में गहरा गड्ढा हो गया। कई घरों के दरारें आ गई। दरवाजे क्षतिग्रस्त हुए हैं। रहवासियों के मुताबिक, कुछ देर तक किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जमीन के भीतर से तेज धमाके के साथ पानी के फव्वारे निकलते हुए साफ नजर आ रहे हैं। अलसुबह हुआ हादसा
कुशमा परिहार ने बताया कि घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। तेज आवाज से नींद खुली तो देखा कि घर में पानी भर चुका था और पैर रखने तक की जगह नहीं थी। पानी के साथ मिट्टी भी घरों में घुस गई थी। बच्चों को संभालकर बाहर निकले तो बाहर निकलने का रास्ता भी नहीं मिल रहा था। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान हिल गया। घटिया निर्माण और अव्यवस्थाओं का आरोप
वार्ड क्रमांक-7 की अरनव कॉलोनी में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए रहवासियों ने कहा कि न तो सड़कें ठीक हैं और न ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा गया। यही कारण है कि पाइपलाइन फटते ही पूरी सड़क धंस गई। सड़क अंदर तक खोखली हो चुकी है, जिससे वाहनों को निकालना मुश्किल हो रहा है। मकान मालिकों का कहना है कि घरों में जाना भी डर का कारण बन गया है। पहले भी हो चुकी है बुजुर्ग की मौत
रहवासियों ने बताया कि यह वही अपना सिटी क्षेत्र है, जहां दिसंबर में सड़क धंसने के कारण गिट्टी से भरा डंपर पलट गया था और उसके नीचे दबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसके बाद भी कॉलोनीवासियों ने नगर निगम को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का सवाल है कि इतनी अनियमितताओं के बावजूद कॉलोनाइजर को अनुमति कैसे दी गई। रहवासियों ने की क्षतिपूर्ति की मांग
कॉलोनीवासियों का कहना है कि काफी मात्रा में पानी बह जाने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और पानी बंद कराया। निगम अधिकारी केवल पाइपलाइन दुरुस्त करने की बात कर रहे थे, लेकिन हुए नुकसान की भरपाई को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। अधिकारियों के लौटने के बाद अब तक कोई दोबारा मौके पर नहीं पहुंचा। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने और अपनी गाड़ियां निकालने में भी परेशान हैं। आयुक्त बोले-जांच कराएंगे
नगर निगम आयुक्त संघप्रिय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के प्रयास भी किए जाएंगे।


