ग्वालियर की जूली शर्मा ने KBC में जीते 12.50 लाख:बेटियों की शिक्षा पर खर्च करेंगी जीती हुई राशि; पिता का सपना पूरा किया

ग्वालियर की जूली शर्मा ने रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में 12 लाख 50 हजार रुपए की राशि जीती है। एक साधारण परिवार से आने वाली जूली ने दैनिक भास्कर के साथ अपने अनुभव साझा किए। उनके कार्यक्रम का प्रसारण 15 दिसंबर को हुआ था। जूली ने बताया कि उन्होंने 24 मई को KBC के लिए ऑडिशन दिया था। मुंबई जाने के दौरान उन्होंने पहली बार हवाई जहाज में यात्रा की, जो उनके लिए एक नया अनुभव था। उन्होंने KBC टीम के सहयोग और अच्छी व्यवस्था की सराहना की। पिता का सपना पूरा किया जूली मूल रूप से मुरैना जिले की अंबाह तहसील के सुनावली गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि उनके किसान पिता का सपना था कि उनके पांच बच्चों में से कोई एक KBC तक पहुंचे, क्योंकि वे अमिताभ बच्चन के बड़े प्रशंसक थे। उनके पिता शिक्षा को लेकर भी काफी जागरूक थे और उन्होंने गांव में एक स्कूल भी खुलवाया था, ताकि लड़कियां पांचवीं के बाद भी पढ़ाई जारी रख सकें। गांव से ग्रेजुएशन करने वाली पहली लड़की KBC में अमिताभ बच्चन ने मुरैना के नाम का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्हें इस नाम से डर लगता है। जूली ने बताया कि वह अपने गांव की पहली लड़की थीं, जिन्होंने बीए की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई में उनके ससुराल वालों ने भी पूरा सहयोग किया। KBC में पहुंचने के बाद जूली को पहले ही दिन हॉटसीट पर बैठने का मौका मिला। उन्होंने अपनी बहन के साथ गेम खेला और हर पड़ाव को पार करते हुए 12 लाख 50 हजार रुपए तक पहुंच गईं। जीती राशि बेटियों की शिक्षा पर खर्च करेंगी 12 लाख 50 हजार रुपए जीतने के बाद, जब 25 लाख रुपए के लिए अगला सवाल आया, तो जूली दुविधा में पड़ गईं। सभी लाइफलाइन खत्म हो जाने के कारण उन्होंने खेल वहीं रोकने का फैसला किया और जीती हुई राशि के साथ वापस लौट आईं। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वह अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *