ग्वालियर की महिला से ₹7 लाख की ठगी:दुबई एंबेसी में चाचा ससुर के फंसे होने के नाम पर रकम हड़पी, बेटे के इलाज के लिए जोड़े थे पैसे

ग्वालियर की एक महिला के साथ सात लाख रुपए का साइबर फ्रॉड हुआ है। महिला का पति युगांडा (अफ्रीका) में नौकरी करता है। महिला डेढ़ साल पहले तक अफ्रीका में ही रह रही थी। 24 दिसंबर को महिला के पास दुबई में रहने वाले चाचा ससुर की आवाज में मैसेज और कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि वह महिला के खाते में 10.50 लाख रुपए भेज रहा है और दो दिन बाद आधार कार्ड के जरिए राशि निकाल लेने को कहा। इसके कुछ देर बाद एक और कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने महिला को बताया कि उसके चाचा ससुर दुबई एंबेसी में फंस गए हैं। ठगों ने महिला से तत्काल 7 लाख रुपए ट्रांसफर करने को कहा। बेटे के इलाज के लिए रखी गई रकम महिला ने एजेंट के बताए खाते में जमा कर दी। अगले दिन महिला ने दुबई में रह रहे अपने जेठ को कॉल कर पूरी घटना बताई, तब उसे पता चला कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुकी है। जब पीड़िता ने ठग के नंबर पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। जनकगंज स्थित तारागंज निवासी एक महिला ने ई-जीरो एफआईआर सेवा 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। दोबारा कॉल आया तो शक हुआ
सात लाख रुपए ट्रांसफर करने के बाद महिला के पास फिर कॉल आया। इस बार चाचा को दुबई में गिरफ्तार करने की बात कहकर और रुपयों की डिमांड की गई। इस पर महिला को शक हुआ। महिला ने दुबई में रहने वाले अपने जेठ को कॉल किया। बेटे की बीमारी के लिए जोड़े थे रुपए बताया जा रहा है कि महिला का बेटा बीमार रहता है और ठीक से चल नहीं पाता है। उसी के इलाज के लिए महिला ने 7 लाख रुपए जैसे-तैसे जोड़े थे। बेटे के इलाज पर हर महीने 70 से 80 हजार रुपए खर्च होता है। लेकिन ठगों ने झांसा देकर उससे वह रुपए ठग लिए हैं। महिला बोली- बड़ी मुश्किल से हुई शिकायत
महिला ने बताया कि मेरे साथ 7 लाख रुपए का साइबर फ्रॉड हो गया है। लेकिन मुझे मामला दर्ज कराने के लिए बहुत परेशान होना पड़ा है। कई चक्कर लगाए, तब जाकर मामला दर्ज किया गया है। जब से ठगी हुई है। मैंने खाना तक नहीं खाया है। असम, कोलकाता के खातों में गए रुपए जनकगंज थाने के एएसआई विनोद सिंह चौहान ने बताया है कि महिला के अकाउंट से ठगे गए रुपए असम और कोलकाता के अकाउंट में ट्रांसफर हुए हैं। अच्छी बात यह है कि 7 लाख रुपए में से करीब ढाई से तीन लाख रुपए कुछ अकाउंट में होल्ड करा दिए गए हैं। सीएसपी लश्कर चन्द्रभान चढ़हार ने बताया- एक साइबर फ्रॉड का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिन खातों में रुपए ट्रांसफर हुए हैं, उन खाताधारकों की छानबीन की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *