ग्वालियर के तिल कारोबारी पंकज गुप्ता के 23 साल के बेटे लवेश गुप्ता की चार दिन पहले, शुक्रवार को पश्चिमी अफ्रीका के घाना के आक्रा शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लवेश सुबह फ्लैट के बाथरूम में नहाने गया था। कुछ देर बाद, जब उसका रूम पार्टनर वहां पहुंचा, तो उसने लवेश को लहूलुहान अवस्था में मृत पाया। आशंका है कि बाथरूम में पैर फिसलने और सिर के बल गिरने से उसकी मौत हुई है। घटना की जानकारी लवेश के रूम पार्टनर ने वीडियो कॉल के जरिए उसके पिता को दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया। सोमवार को लवेश के शव का पोस्टमार्टम किया गया। शव लेने के लिए लवेश का भाई और चाचा अफ्रीका पहुंचे। शव को मंगलवार रात तक ग्वालियर लाने की संभावना है। अफ्रीका में पोस्टमार्टम शनिवार-रविवार को नहीं होता इसलिए सोमवार हुआ लवेश की मौत के बाद उसके शव को वापस लाने के लिए उसका छोटा भाई नितिन और चाचा फ्लाइट के जरिए अफ्रीका के लिए रवाना हो गए थे। रविवार को दोनों अफ्रीका पहुंच गए थे, क्योंकि अफ्रीका में शनिवार और रविवार को पोस्टमार्टम नहीं होता है, इसलिए लवेश के शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह हुआ। पोस्टमार्टम के बाद जरूरी कार्रवाई और विदेश मंत्रालय की मंजूरी से सोमवार रात को फ्लाइट के द्वारा शव को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो जाएंगे। संभवत लवेश का शव मंगलवार रात तक ग्वालियर पहुंच जाएगा। उसके बाद पूरे हिंदू विधि के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। लवेश अफ्रीका की सोयाबीन और कॉफी उत्पादन की कंपनी में कार्यरत था लवेश के पिता पंकज गुप्ता, निवासी हरिशंकरपुरम, तिल (तिल्ली) के कारोबारी हैं। दाल बाजार, तेजेन्द्रनाथ की गली में उनकी “श्री तिरुमाला एग्रो ब्रोकर्स” नामक फर्म है। लवेश उनका बड़ा बेटा था। वह एमबीए करने के बाद दक्षिण अफ्रीका की एक प्रतिष्ठित सोयाबीन और कॉफी उत्पादन कंपनी में कार्यरत था। लवेश आक्रा शहर में अपने दिल्ली निवासी दोस्त और रूम पार्टनर के साथ रहता था। शुक्रवार को रूम पार्टनर ने लवेश के साथ हुई घटना की जानकारी आक्रा शहर की पुलिस को दी। मौत से कुछ देर पहले पिता से हुई थी बात, बोला था “नहाने जा रहा हूं” गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह 8 बजे लवेश की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान पिता पंकज गुप्ता ने बेटे से पूछा था कि वह अभी तक ड्यूटी पर क्यों नहीं गया। इस पर लवेश ने बताया कि शुक्रवार को उसकी छुट्टी है। फिर पिता ने उससे पूछा कि अभी तक नहाए क्यों नहीं हो। उसने जवाब दिया कि वह नहाने जा रहा है। इसके बाद लवेश ने कॉल काट दिया और बाथरूम में नहाने चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद, उसके रूम पार्टनर ने वीडियो कॉल कर घटना की सूचना दी। उसने बताया कि लवेश की मौत बाथरूम में पैर फिसलने और सिर के बल गिरने से हुई। हालांकि, मृतक के परिवार ने लवेश की मौत पर आशंका जताई है, क्योंकि शव पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिवार ने विदेश मंत्रालय से मामले की जांच की मांग की है।


