ग्वालियर के दानाओली बाजार में गुरुवार–शुक्रवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एक व्यापारी की दुकान पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दुकान के शटर पर पत्थर फेंके और धमकी दी। घटना के विरोध में शुक्रवार को दानाओली बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। दानाओली में फैनी की दुकान चलाने वाले व्यापारी दिनेश खंडेलवाल ने बताया कि 13 दिसंबर को बदमाशों ने पहले उनके भाई के साथ मारपीट की। जब वे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और दो दिन तक आईसीयू में भर्ती रहना पड़ा। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाश उनके भाई से सोने की चेन और करीब 60 हजार रुपए भी छीन ले गए। खंडेलवाल का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वे कोतवाली थाना पहुंचे तो पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय आपसी समझौते की सलाह दी। बाद में दबाव पड़ने पर एफआईआर दर्ज की, लेकिन उसमें लूट के आरोप को कमजोर कर दिया गया। एफआईआर में यह दर्ज किया गया कि सोने की चेन “कहीं गिर गई”, जिससे मामला कमजोर हो गया। आधी रात को दुकान पर हमला, CCTV में कैद व्यापारियों के अनुसार गुरुवार रात करीब 12:15 बजे चार बदमाश दिनेश खंडेलवाल की दुकान पर पहुंचे। दुकान के ऊपर ही उनका मकान है। आरोप है कि बदमाशों ने बड़े पत्थरों से शटर तोड़ने की कोशिश की, गाली-गलौज की और राजीनामा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को दानाओली बाजार बंद रखकर विरोध जताया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे।


