केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार रात दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। यहां एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुवैत सरकार की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो मान सम्मान मिला है, वह केवल प्रधानमंत्री को नहीं, बल्कि पूरे देश को गौरव मिला है। प्रधानमंत्री जी ने सदैव ये माना है कि वे भारत के प्रधान सेवक हैं, प्रधान रक्षक हैं। सिंधिया ने कहा कि मैं दिल की गहराइयों से कुवैत सरकार को धन्यवाद अर्पण करना चाहता हूं। एक भारतीय नागरिक होने के नाते गर्व महसूस करता हूं कि हमारे देश के प्रधानमंत्री को इस अवाॅर्ड से नवाजा गया है और ये सभी देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। शिवपुरी जिला बहुत प्रभावित होगा 25 दिसंबर को अटल जी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री के खजुराहो आने को लेकर सिंधिया ने कहा कि यह बहुत बड़ी सौगात है। केन-बेतवा नदी प्रोजेक्ट की सौगात मिलने जा रही है। यह 42 हजार करोड़ रुपए की सौगात है, जो उत्तर प्रदेश के 9 जिले और मध्य प्रदेश के 8 जिलों को प्रभावित करेगी। हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण इसलिए भी है, क्योंकि शिवपुरी जिला इससे बहुत प्रभावित होगा मतलब सबसे ज्यादा लाभांवित होगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- हमारे शिवपुरी जिले में सिंचाई के साधन इस योजना के तहत बहुत बढ़ेंगे। जिससे फसलें लहलहाएंगी। मैं हमारे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राजस्थान के मुख्यमंत्री सभी को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। चंबल पार्वती लिंक योजना से हमारे आठों जिलों को फायदा मिलेगा, और सिंचाई के साधन बढ़ेंगे।


