ग्वालियर की पुरानी छावनी थाना पुलिस ने रविवार देर रात चेकिंग के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी वारदात की नीयत से इलाके में घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि रविवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि पांडरी वाले बाबा रोड पर एक संदिग्ध युवक घूम रहा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सत्यम कुशवाह (19) पिता भजनलाल कुशवाह को पकड़ लिया। आरोपी आंतरी थाने के सामने का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 315 बोर का कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और उसका निशाना कौन था। इसके साथ ही आंतरी थाना पुलिस से आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी निकलवाया जा रहा है।


