ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री ने छुए डॉक्टरों के पैर:बोले-आप भगवान का रूप, हजीरा हॉस्पिटल में ICU, सीटी स्कैन का मां के हाथों कराया लोकार्पण

प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शनिवार को डॉक्टरों के सामने नतमस्तक नजर आए। मंत्री तोमर ने डॉक्टरों के पैरों में अपना सर रखकर उनको सम्मान दिया। इस दौरान मंत्री तोमर भावुक भी नजर आए। बता दें कि ग्वालियर के हजीरा सिविल अस्पताल को आईसीयू के साथ CT स्कैन सुविधा की बड़ी सौगात शनिवार को मिली है। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बड़े भाई देवेंद्र सिंह तोमर के निधन के बाद मंत्री ने संकल्प लिया था कि वह उनकी तेरहवीं में अनावश्यक खर्च नहीं करेंगे और उसके स्थान पर लोगों के जीवन की रक्षा करने के लिए आईसीयू बनवाएंगे। ऊर्जा मंत्री ने अपनी मां के हाथों से करवाया लोकार्पण
आपको बता दें कि बीते 19 दिसंबर को मंत्री तोमर के बड़े भाई देवेंद्र सिंह तोमर का निधन हुआ था। उनकी स्मृति में ये आईसीयू बनाया गया है। CSR फंड और जन सहयोग से बनाए गए 20 बेड के इस आईसीयू की खास बात यह है कि सिविल अस्पताल में बनने वाला यह पहला आईसीयू है। सिर्फ इतना ही नहीं PICU भी सिविल अस्पताल में बनाया गया है। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आईसीयू का लोकार्पण अपनी मां के हाथों करवाया। हाल ही में परिवार में दुखद घटना होने के बाद मंत्री और उनकी मां ने भरे गले से इस अस्पताल के ICU का शुभारंभ किया। गंभीर मरीजों को अब मिल सकेगा इलाज
अब ग्वालियर के जिला अस्पताल, जयारोग्य अस्पताल और सिविल अस्पताल हजीरा में आईसीयू बनकर तैयार हो गए हैं। इससे गंभीर बीमारी के मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का कहना है कि धरती पर डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं। डॉक्टरों को भगवान मानकर उनके चरणों मे नतमस्तक होकर उन्हें नमन कर सम्मान दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *