ग्वालियर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सर्द रात में एक बार फिर सक्रिय हुई और वहां पहुंची जहां गुंडे-बदमाशों के ठिकाने हैं। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 250 बदमाशों को गिरफ्तार कर हवालात में पहुंचा दिया।
348 गुंडे व हिस्ट्रीशीटरों के दरवाजे खटखटाए और रजाई में दुबके बदमाशों से पूछा कि इस समय क्या कर रहे हैं?
बदमाशों ने जब पुलिस को बताया कि वह शांति से जिंदगी जी रहे हैं तो उनसे कहा गया कि अपराध के बारे में अब सोचना भी मत नहीं तो सीधे जेल भेज दिए जाओगे। इस दौरान अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों रुपए की शराब जब्त कर तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर थाने भिजवा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, एएसपी अनु बेनीवाल, एएसपी सुमन गुर्जर, एएसपी जयराज कुबेर ने कमान संभाली और फरार चल रहे बदमाशों के घरों पर पहुंची। बदमाशों को इसका अंदाजा भी नहीं था कि आधी रात को पुलिस आ धमकेगी। पुलिस ने दरवाजे खटखटाकर बदमाशों को नींद से उठाया और सीधे उस थाने भेज दिया जहां वारदात की थी।
250 वारंटी पकड़े 348 किए चेक
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 121 स्थाई वारंट, 129 गिरफ्तारी वारंटी पकड़कर वारंट तामील कराए हैं। साथ ही 348 गुंडे व हिस्ट्रीशीटर के घर पहुंची है। जिसमें 171 गुंडा एवं 177 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना गिरवाई में अवैध शराब के 02 तथा थाना ग्वालियर में 01 प्रकरण दर्ज किया गया और थाना पुरानी छावनी में सट्टा का एक प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर 02 अन्य कार्रवाई की गई हैं।
पैदल गश्त, किए वाहन चैक
पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान फरारी बदमाश, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया।
पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की विशेष तौर पर चेकिंग की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया- बदमाश व गुंडों के लिए ग्वालियर में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। अपराधी के लिए शहर में एक ही जगह है वह है हवालात।अवैध शराब, जुआ, सट्टा तथा हथियार रखने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो रही है।


