ग्वालियर में बेटे के चेहरे पर मारपीट के घाव देखकर सदमे में एक पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। घटना दो दिन पहले ग्वालियर के सिरोल स्थित हुरावली तिराहा की है। घायल भी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक है। इस मामले में पुलिस ने हमला करने वाले सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपी दतिया से शादी में शामिल होने के लिए ग्वालियर आए थे। घायल शादी में हलवाई का काम कर अपने गांव वापस लौट रहा था। हमलावरों के एक साथी ने चौराहा पर खड़े हलवाई को गालियां देते हुए कहा था कि इतनी रात को यहां क्या कर रहा है। हलवाई ने गालियां देने से मना किया तो उसने झगड़ा शुरू कर दिया। एक कॉल कर अपने साथियों को बुला लिया था। इसके बाद पास ही खड़े एक ठेले के पाइप को निकालकर तब तक पीटा, जब तक की युवक बेहोश नहीं हो गया। शहर के सिरोल थाना स्थित हुरावली तिराहा पर मारपीट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया था, क्योंकि इस हमले में घायल युवक से जब उसके पिता ने वीडियो कॉल पर बातचीत की तो उसके घाव देखकर पिता सदमे में आ गया। जब वह उससे मिलने के लिए आ रहा था तो अचानक गिर गया और हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। पुलिस ने CCTV कैमरे के आधार पर हमलावरों की पड़ताल की तो गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और हमलावरों की पहचान कर पांच हमलावरों की पहचान हुई थी। टीआई सिरोल गोविन्द बागोली ने बताया कि वारदात के बाद घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में CCTV खंगाले तो पता चला कि बदमाश मोहनपुर से हस्तिनापुर की तरफ भागे हैं। पुलिस ने रूट तैयार किया तो पता चला कि बदमाश टाटा मैजिक नम्बर एमपी 07जेडए-2314 से भागे हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने सभी हमलावरों को पकड़ लिया है। यह हमलावर पकड़े गए हैं
पुलिस ने CCTV फुटेज और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से पहचान करने के बाद आरोपी छुन्नू उर्फ राहुल यादव पुत्र छोटे सिंह यादव निवासी बड़ेरा, थरेट दतिया को पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी छुन्नू से पूछताछ की तो पता चला कि वारदात को मोहित पुत्र लोकेन्द्र सिंह यादव, अमन यादव पुत्र राकेश सिंह यादव और अजीत यादव पुत्र रामबाबू यादव ने अंजाम दिया है। इसका पता चलते ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी और अमन यादव, अजीत यादव व मोहित यादव को पकड़ लिया गया है। ऐसे समझिए पूरा मामला
बताया गया है कि गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 1:30 बजे हरिज्ञान सिंह चौहान अपने भांजे धर्म सिंह चौहान के साथ गोयल वाटिका में आयोजित हुई शादी में चाट का स्टॉल लगाकर वापस अपने घर काशीपुरा उटीला जा रहा था। हुरावली तिराहे पर सवारी वाहन का इंतजार कर रहे हरिज्ञान सिंह चौहान का वहां खड़े अजीत यादव से गालियां देने पर मुंहवाद हो गया था। जब हरिज्ञान ने गालियां देने से रोका तो हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया था। ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया- युवक पर हमला करने वाले सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। आरोपी दतिया से शादी में ग्वालियर आए थे। पूरा विवाद मामूली मुंहवाद पर हुआ था।


