ग्वालियर में दुकानदार के साथ सड़क पर खुलेआम मारपीट:उधार सिगरेट नहीं देने पर विवाद, लाठी-डंडों से पीटा

ग्वालियर में एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क पर लेटा कर बेरहमी से डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। हमलावर पीटते समय हंस भी रहे हैं। यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे इकोना तिराहा, बेहट की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पिटने वाला व्यक्ति दुकानदार है। आरोपी उससे उधार में सिगरेट मांग रहे थे। दुकानदार द्वारा उधार देने से मना करने पर आरोपियों ने उसे अधमरा होने तक पीटा। पीड़ित ने घटना की शिकायत बेहट थाना में की, जिसके बाद पुलिस ने एक नामजद समेत चार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बेहट के गढरौली गांव निवासी और वर्तमान में इकोना तिराहा पर रहने वाले मुल्लू कुशवाह पुत्र रामस्वरूप कुशवाह ने बताया कि वह मंगलवार शाम 5 बजे इकोना मोड़ स्थित अपनी दुकान पर बैठा था। तभी बेहट गांव के गुटाली पंडित का लड़का राहुल शुक्ला दुकान पर आया। उसने उधार सिगरेट मांगी, लेकिन दुकानदार ने उधार देने से इनकार कर दिया। इस पर राहुल शुक्ला गालियां देने लगा और मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में उसके तीन साथी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकानदार को सड़क पर लेटा कर डंडों से बेरहमी से पीटा। दुकानदार चीखता रहा और हमलावर हंसते हुए मारपीट करते रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज बेहट थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल दुकानदार का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *