ग्वालियर में बुजुर्ग कारोबारी से ठगी:लॉटरी के इनाम का लालच देकर सोने की दो अंगूठियां उतरवाईं, 1.70 लाख रुपए लिए

ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बुजुर्ग कारोबारी को इनाम का लालच देकर ठगों ने 1 लाख 70 हजार रुपए नकद और दो सोने की अंगूठियां ठग लीं। घटना थीम रोड कटोरा ताल के सामने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग भी की। गोविन्दपुरी स्थित सौगात अपार्टमेंट निवासी 78 वर्षीय कैलाश चंद्र अग्रवाल शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे एसबीआई महाराज बाड़ा में 1.70 लाख रुपए जमा कराने जा रहे थे। रुपए उन्होंने काले कपड़े के बैग में रखे थे, इसमें पांच-पांच सौ रुपए के 140 नोट थे और शेष रुपए 100 के थे। वे स्कूटी से बैंक की ओर जा रहे थे। कटोरा ताल के पास उनके नाती सोमिल गोयल का फोन आ गया। कॉल रिसीव करने के लिए उन्होंने स्कूटी साइड में रोक ली। तभी एक बाइक सवार युवक आया और लॉटरी की दुकान का पता पूछने लगा। जैसे ही बुजुर्ग स्कूटी स्टार्ट करने लगे, एक दूसरा युवक पैदल पहुंचा और उसने भी वही सवाल दोहराया। दोनों युवकों ने वहीं खड़े होकर लॉटरी खेलने का नाटक शुरू किया। बुजुर्ग भी देखने लगे। बातचीत के दौरान युवकों ने उन्हें इनाम जीतने का लालच दिया और इसी बहाने उनकी दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। इसी बीच बातों में उलझाकर स्कूटी में रखे रुपए से भरा बैग भी गायब कर दिया। ठगों का फरार होने का तरीका बाइक सवार युवक अंगूठियां और नकदी लेकर भाग गया। पैदल आया युवक उसे पकड़ने का नाटक करते हुए पास ही खड़े दो अन्य युवकों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। बुजुर्ग ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन ठग हाथ नहीं आए। घर पहुंचकर बताई घटना, दर्ज हुआ मामला डरे-सहमे बुजुर्ग घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन उन्हें थाने लेकर गए और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का बयान थाना प्रभारी झांसी रोड शक्ति सिंह यादव के अनुसार बुजुर्ग से चार अज्ञात बदमाशों ने लॉटरी के इनाम का लालच देकर 1.70 लाख रुपए और दो सोने की अंगूठियां ठग ली हैं। मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *