ग्वालियर में बुजुर्ग की मारपीट के बाद मौत:शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी

ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान देवनगर मुड़िया पहाड़ निवासी कल्लू खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में कुछ लोगों ने कल्लू खान की पिटाई की थी, जिसके बाद उन्हें अचेत अवस्था में छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, कल्लू खान मजदूरी का काम करते थे। घटना की रात उनकी पत्नी काम पर गई हुई थीं। इसी दौरान कल्लू अपने कुछ परिचितों के साथ शराब पी रहे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपियों ने कल्लू खान के साथ मारपीट की। देर रात जब कल्लू खान की पत्नी घर लौटीं, तो उन्होंने उन्हें घायल और दर्द से कराहते हुए पाया। उन्होंने तुरंत भोपाल में रह रहे अपने बेटों को सूचना दी। सूचना मिलने पर कल्लू खान के बेटे इमरान और अन्य रिश्तेदार ग्वालियर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक दिन बाद कल्लू खान ने दम तोड़ दिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। फिलहाल मार्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *