ग्वालियर के साईं बाबा मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की है। चोरी का खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग महिला दर्शन कर घर पहुंची और गले में 14 ग्राम सोने की चेन नहीं मिली। इसके बाद वह अपने पति के साथ थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता गणपति बिहार कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय निर्मला शर्मा पत्नी राजेंद्र कुमार शर्मा एक जनवरी को दोपहर करीब 2:15 बजे साईं बाबा मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। मंदिर में लाइन में लगकर दर्शन करने के बाद वह घर लौटीं, जहां उन्हें चेन गायब होने का पता चला। घर में काफी तलाश के बाद भी चेन नहीं मिली तो शुक्रवार रात को वह अपने पति के साथ पड़ाव थाने पहुंचीं और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। CCTV में वारदात कैद शिकायत के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दर्शन के दौरान एक महिला बुजुर्ग पर शॉल/दुपट्टा डालती है, जबकि दूसरी महिला उसी आड़ में उनके गले से सोने की चेन उतारकर रख लेती है। दोनों महिलाएं पूरी वारदात को चंद सेकंड में अंजाम देती नजर आ रही हैं। पुलिस ने शुरू की तलाश CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि साईं बाबा मंदिर में दर्शन के दौरान बुजुर्ग महिला के गले से चेन चोरी की घटना सामने आई है। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं दिखाई दी हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही दोनों महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


