ग्वालियर में लोन ऑफिस में तोड़फोड़:बकाया राशि नहीं मिलने पर ग्राहक ने एजेंट को जान से मारने की धमकी दी

ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक लोन ऑफिस में तोड़फोड़ और धमकी का मामला सामने आया है। एक ग्राहक पर आरोप है कि उसने बकाया लोन राशि न मिलने पर ऑफिस में हंगामा किया और संचालक को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोज कुमार सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बैंक के लिए लोन दिलवाने का काम करते हैं और उनका ऑफिस सिटी सेंटर इलाके में है। उन्होंने रोहित भदौरिया नामक व्यक्ति को होम फाइनेंस के लिए लोन दिलवाया था। रोहित को लगभग 95% राशि मिल चुकी है, लेकिन 5% राशि अभी बकाया है, जिसका कारण बैंक द्वारा उसे बताया जा चुका है। मनोज सोनी के अनुसार, बुधवार को रोहित भदौरिया उनके ऑफिस आया और उनकी गैर-मौजूदगी में तोड़फोड़ की। ऑफिस में रखी कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया और हंगामा किया। रोहित ने मनोज को धमकी दी कि यदि बकाया लोन राशि जल्द ही उसके खाते में जमा नहीं की गई तो वह उसे जान से मार देगा। मनोज ने यह भी आरोप लगाया कि रोहित ने उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई और संबंधित बैंक के कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की। मनोज ने रोहित द्वारा किए गए उत्पात और हंगामे से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने शिकायत आवेदन स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *