ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष ने फहराया ध्वज:एसएएफ मैदान में परेड की सलामी ली, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन

ग्वालियर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर कम्पू स्थित एसएएफ मैदान पर मुख्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सांसद भारत सिंह कुशवाहा भी मौजूद हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजन एवं लोकतंत्र सैनानियों का सम्मान भी मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। साथ ही स्कूली बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का मुख्य आकर्षण होंगे। इस अवसर पर आकर्षक विभागीय झांकियां भी निकलेंगी। भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ पर जिला मुख्यालय समेत विकास खण्ड, तहसील और ग्राम स्तर पर राष्ट्रीयता की भावना पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के साथ विधानसभा अध्यक्ष करेंगे भोज
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर कम्पू खेल परिसर के सामने एवं हजार बिस्तर अस्पताल के पास में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय पहुंचेंगे। विधानसभा अध्यक्ष तोमर यहां पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत बच्चों के साथ सुरूचि पूर्ण भोज में शामिल होंगे। इस दौरान कई अधिकारी व नेतागण भी भोज में शामिल होंगे।
संयुक्त राजस्व भवन में संभाग आयुक्त और कलेक्ट्रेट में कलेक्टर करेंगीं ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर संभाग आयुक्त कार्यालय (संयुक्त राजस्व भवन) में प्रात: 8.15 बजे संभाग आयुक्त मनोज खत्री और कलेक्ट्रेट में प्रात: 8 बजे कलेक्टर रुचिका चौहान ध्वजारोहण करेंगी। इस मौके पर विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसएसपी धर्मवीर सिंह भी सुबह 8 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसी तरह जिला पंचायत, जिले के सभी जनपद पंचायत के मुख्यालयों, नगर निगम ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों मे शान के साथ तिरंगा फहराया जाएगा।
गणतंत्र दिवस पर रोशनी से जगमग रहेंगे शासकीय भवन
गणतंत्र दिवस की संध्या पर महत्वपूर्ण शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और रात्रि में रोशनी की जाएगी। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में स्कूल के बच्चे कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *