ग्वालियर में बाइक पर खतरनाक स्टंट करते दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। यह स्टंट न केवल सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी को दर्शाता है, बल्कि स्टंट करने वाले युवकों के साथ-साथ अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। करीब 14 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक व्यस्त सड़क पर अगला पहिया हवा में उठाकर तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए स्टंट कर रहा है। बाइक चला रहा युवक हेडफोन लगाए हुए है, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा है। वीडियो में पीछे बैठे युवक का चेहरा आंशिक रूप से दिखाई दे रहा है। वीडियो वीआईपी सड़क का बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की उस वीआईपी सड़क का है, जहां संभागीय आयुक्त, आईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के बंगले स्थित हैं। यह कड़ी सुरक्षा वाला क्षेत्र है, इसके बावजूद इस तरह का खतरनाक स्टंट पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और पहचान होते ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


