ग्वालियर के पाटनकर का बाड़ा क्षेत्र में एक साले ने अपने ही जीजा पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में जीजा के हाथ में गंभीर चोट आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की हालत में जीजा के घर पहुंचा था और वहां छोटे बच्चे को गोद में उठाकर लापरवाही से खेलने लगा। बच्चे की सुरक्षा को लेकर टोके जाने पर विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गया। घटना सोमवार की है। जानकारी के मुताबिक लश्कर निवासी विजय सेंगर अपने जीजा विजेंद्र सिंह भदौरिया के घर पाटनकर का बाड़ा आया था। शुरुआती विवाद शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद विजय सेंगर ने सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और विजेंद्र भदौरिया का पीछा करते हुए पाटनकर बाजार स्थित कैलाश लॉज के पास पहुंच गया। वहां गाली-गलौज के दौरान उसने विजेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विजेंद्र के हाथ में चाकू लगने से खून बहने लगा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार ने नहीं की थी शिकायत मामला पारिवारिक होने के कारण शुरुआत में किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


