ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात को पुरानी रंजिश के चलते सिक्योरिटी गार्ड के साथ गाली-गलौज, मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है। थाटीपुर थाना प्रभारी कमल किशोर पाराशर के अनुसार, प्रभूदयाल जाटव नामक सिक्योरिटी गार्ड कृष्णा अपार्टमेंट में काम करता है। रविवार रात करीब 10 बजे वह अपार्टमेंट के कमरे में खाना खा रहा था, तभी उसके पड़ोसी सोनू तोमर ने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब गार्ड प्रभूदयाल ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जबकि गार्ड को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और सोमवार दोपहर सूचना मिली कि वह अपने घर के पास खड़ा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल राइफल और एयरगन भी बरामद कर ली। थाटीपुर थाना सर्किल के सीएसपी राजेश जंगले के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी से फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है।


