ग्वालियर में सूने मकान से 4 लाख के जेवर चोरी:मुंह पर कपड़ा बांधकर आया चोर, फोटोग्राफर के घर से सोने-चांदी के जेवरात ले गया

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी, मोतीझील पहाड़ी में सूने मकान का ताला तोड़कर शातिर चोरों ने करीब चार लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी का खुलासा रविवार को मकान मालिक के लौटने पर हुआ। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर नजर आया है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। श्रीराम कॉलोनी निवासी अभिषेक पुत्र अशोक कुमार शर्मा पेशे से फोटोग्राफर हैं और वैवाहिक कार्यक्रमों में फोटोग्राफी का काम करते हैं। चार दिन पहले वह एक समारोह में फोटोग्राफी के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान अभिषेक की पत्नी और बच्चे गांव चले गए थे। रात के समय मुंह पर कपड़ा बांधकर एक चोर ताले तोड़ते हुए घर के अंदर घुसा। उसने इत्मीनान से घर की तलाशी ली और कमरों में रखी अलमारियों के ताले व लॉकर तोड़कर बैड खंगाले। इस दौरान चोर सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गया। रविवार शाम दिल्ली से लौटने पर अभिषेक को चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया। CCTV कैमरे में आया संदेही नजर आया फोटोग्राफर अभिषेक शर्मा के घर में चोरी करने वाला एक चोर CCTV कैमरे में नजर आया है। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आता है और मुख्य गेट से अंदर पहुंचता है। रात का अंधेरा और मुंह पर कपड़ा बंधा होने से अभी तक संदेही चोर की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस फुटेज के आधार पर आगे बढ़ रही है। टीआई आलोक परिहार ने बताया- CCTV फुटेज मिल चुके हैं और चोर की तलाश जारी है। बहुत जल्द चोर को पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *