ग्वालियर में तीन दिन पहले एक स्कूली छात्र को घेरकर मारपीट करने व गोली मारने वाले दो हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए हमलावरों के चार साथी अभी भी फरार हैं। घटना बुधवार दोपहर 1 बजे डीडी नगर महाराजा कॉम्प्लेक्स के पास जय श्रीराम नाश्ता भंडार के पास की है। छात्र पैर में गोली लगने से घायल हुआ था। घायल छात्र से हमलावरों का स्कूल में ही दो साल पहले विवाद हुआ था जिसकी रंजिश वह पाले हुए थे, जबकि घायल छात्र दो साल से भोपाल में रह रहा था। घटना से एक दिन पहले ही वह लौटकर ग्वालियर आया था। पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ग्वालियर में सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि बुधवार को डीडी नगर निवासी 18 वर्षीय कृष्णा पुत्र सतीश शर्मा को आधा दर्जन हम उम्र छात्रों ने पुरानी रंजिश पर उस समय गोली मार दी थी जब वह नाश्ता लेने के लिए महाराजा कॉम्प्लेक्स आया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी तो पता चला कि आरोपी अपने घरों से फरार हैं। इसके बाद से ही थाना प्रभारी महाराजपुरा के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें एसआई संतराम राठौर, राजीव सोलंकी, आरक्षक रुस्तम सिंह, अनिल गुर्जर, देवेंद्र सिंह, भानु सिकरवार और शिवराज के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। अड्डे पर आते ही पकड़े गए हमलावर
पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी कि तभी पता चला कि वारदात में शामिल कृष्णा पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी भिंड हाल निवास गुरुकृपा नगर ग्वालियर और विश्वास पुत्र जयपाल गुर्जर निवासी टीकरी गोरमी भिंड हाल निवास कुशवाहा मार्केट को पटरी रोड सिंधिया स्टैच्यू पर देखा गया है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को भागने से पहले ही पकड़ लिया। इस मामले में अभी कृष्णा तोमर, वैभव, सुमित गुर्जर और कान्हा पंडित फरार है। अब पुलिस इनकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना
सीएसपी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले स्कूली छात्र पर हमला करने वाले दो हमलावरों को पकड़ा है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


