ग्वालियर में 2 लाख लेकर मानसिक कमजोर युवक से शादी:कुछ घंटे बाद दुल्हन साथियों संग एक्टिवा पर भागी, CCTV में घटना कैद, पुलिस जांच में जुटी

ग्वालियर में एक मानसिक रूप से कमजोर युवक से 2 लाख रुपए लेकर नोटरी के जरिए शादी करने वाली दुल्हन कुछ ही घंटों बाद अपने साथियों के साथ एक्टिवा पर फरार हो गई। यह घटना गुरुवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर दुल्हन और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। बता दें कि मुरैना निवासी बंटी धाकड़ ने गुरुवार दोपहर पूनम गौर की शादी ग्वालियर के शिवपुरी रोड निवासी महेंद्र पाराशर के मानसिक रूप से कमजोर बेटे अश्मित पाराशर से नोटरी के जरिए कराई थी। इस शादी के लिए महेंद्र पाराशर से 2 लाख रुपए बंटी धाकड़ द्वारा लिए गए थे। शादी के कुछ घंटे बाद ही बंटी धाकड़ ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर महेंद्र पाराशर की कार को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दुल्हन पूनम गौर, बंटी धाकड़ और उसके साथियों के साथ एक्टिवा पर सवार होकर भाग गई। यह घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की है। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूनम गौर अपने साथी बंटी धाकड़ और उसके दोस्तों के साथ एक्टिवा पर भागती हुई दिखाई दे रही है। पूनम गौर मूलता हजीरा थाना क्षेत्र के चौड़े हनुमान के पास की रहने वाली बताई जा रही है। पूनम के भाई हेमंत ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन दो साल पहले ही घर छोड़कर अलग रह रही थी और तब से उनका उससे कोई संपर्क नहीं था। घटना के बाद महेंद्र पाराशर की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार देर रात पूनम, बंटी धाकड़ और अन्य साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र पाराशर की पूनम गौर और बंटी धाकड़ से पहचान एक दिन पहले ही हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *