ग्वालियर में 24 साल के युवक को मारी गोली:क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ विवाद; पहले लाठी-डंडों से पीटा, फिर गोली चलाई

ग्वालियर में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से 24 साल के अरेंद्र गौर नाम का युवक घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के रामदास घाटी स्थित हॉकर्स जोन के पास हुई। जानकारी के अनुसार, क्रिकेट खेलने को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच पहले विवाद हुआ। करीब दो घंटे बाद एक गुट के तीन युवकों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दूसरे गुट के युवक अरेंद्र गौर पर लाठी-डंडों से हमला किया और गोली चला दी। गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान आंसू करौसिया, रवि करौसिया और रोहित करौसिया के रूप में हुई है। तीनों ने साथियों के साथ मिलकर अरेंद्र गौर के पेट में गोली मारी, जिसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट के बाद गोली मार दी घायल युवक अरेंद्र गौर शिवनगर घोसीपुरा, चार मस्जिद के पास का निवासी है, जबकि हमलावर आंसू, रवि और रोहित हॉकर्स जोन क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है, जो घटना के बाद से अपने घरों से भी गायब हैं। अरेंद्र गौर ने बताया कि वह दोस्तों के साथ हॉकर्स जोन के पास क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान आंसू करौसिया वहां आ गया और क्रिकेट खेलने लगा। आगे खेलने के लिए कहने पर उसने विवाद शुरू कर दिया और कुछ देर बाद वहां से चला गया। बाद में वह अपने साथियों के साथ लौटा और लाठी-डंडों से मारपीट करने के बाद गोली मार दी। बहोड़ापुर थाना के एसआई रामचरण शर्मा ने बताया- क्रिकेट खेलने को लेकर अरेंद्र गौर और आंसू करौसिया के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आंसू करौसिया अपने साथियों के साथ वापस आया और मारपीट कर गोली चला दी। घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *