ग्वालियर में NCR सिकंदराबाद ने जीता खिताब:हॉकी प्रतियोगिता के विजेता को मिले 5 लाख रुपए; NCR प्रयागराज को 3-1 से हराया

84वीं अखिल भारतीय सिंधिया स्वर्ण कप हॉकी प्रतियोगिता का समापन हो गया है। फाइनल मुकाबले में एससीआर सिकंदराबाद ने एनसीआर प्रयागराज को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 5 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 3 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के आखिरी दिन सिकंदराबाद और प्रयागराज के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः एससीआर सिकंदराबाद ने बढ़त बनाते हुए एनसीआर प्रयागराज को शिकस्त दी और ट्रॉफी जीत ली। सेमी में मुंबई को हराकर जगह बनाई
इससे पहले, सेमीफाइनल मुकाबलों में एस.सी.आर. सिकंदराबाद ने मुंबई को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खेल अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान ने बताया कि सिकंदराबाद की टीम ने पहले सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-1 से जीत दर्ज की थी। दूसरे सेमीफाइनल में एनसीआर प्रयागराज का मुकाबला आरसीएफ कपूरथला से हुआ। यह मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा और निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा। मैच का फैसला शूटआउट से हुआ, जिसमें एनसीआर प्रयागराज ने कपूरथला को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पुरस्कार वितरण समारोह में ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने विजेता टीम एससीआर सिकंदराबाद को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं, उपविजेता रही एनसीआर प्रयागराज को उपविजेता की ट्रॉफी और 3 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *