ग्वालियर व्यापार मेले में 2026 के पहले रविवार को भारी भीड़ उमड़ी। छुट्टी का आनंद लेने के लिए लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ मेले में पहुंचे। इस दौरान मनोरंजन के साधनों के साथ-साथ लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। मेले में छोटे-बड़े मिलाकर लगभग 40 से 45 झूले लगाए गए हैं। इनमें टोरा-टोरा, आसमानी झूला, नाव, ब्रेक डांस, इलेक्ट्रिक कार, सुनामी, ड्रैगन ट्रेन, एंटी ग्रेविटी, वर्चुअल रियलिटी और हेलीकॉप्टर जैसे झूलों का लोगों ने खूब आनंद लिया। इस बार मेले में पहली बार ‘एंटी ग्रेविटी’ झूला, जिसे ‘मिक्सर’ के नाम से भी जाना जाता है, आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इस झूले पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई और इसकी प्री-बुकिंग भी चल रही थी। इस झूले में लोगों को इतनी तेजी से घुमाया जाता है कि वे हवा में उड़ने लगते हैं और झूले की दीवारों से चिपक जाते हैं। कई लोगों ने इस अनुभव को ‘पैसा वसूल’ बताया। झूला सेक्टर में सिंगापुर ट्रिप मॉडल, जलपरी शो, मौत का कुआं और भूत बंगला जैसे अन्य शो का भी लोगों ने लुत्फ उठाया। बच्चों के लिए मिकी माउस हेलीकॉप्टर, इलेक्ट्रिक कार, वाइब्रेटर और वाटर बोट जैसे झूलों पर भी खासी भीड़ रही। सैलानियों की बढ़ती भीड़ को देखकर मेले के व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी दिखी। विभिन्न दुकानों पर लोग खरीदारी करते नजर आए, जिससे व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया ने बताया कि लगभग 5 से 6 साल बाद मेले के उद्घाटन के बाद इस तरह की भीड़ देखने को मिली है। उन्होंने इसे अच्छे संकेत बताते हुए मेले में बेहतर व्यापार की उम्मीद जताई।


