ग्वालियर सिटी सेंटर में शराबी युवकों का हंगामा:महिलाओं से अभद्रता पर भड़के स्थानीय लोग, दोनों युवकों की पिटाई कर पुलिस को सौंपा

ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में एक होटल के बाहर शराब के नशे में दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। पास में रहने वाली महिलाओं ने जब उन्हें टोका तो नशे में धुत युवकों ने महिलाओं से अभद्रता शुरू कर दी। नशेड़ियों की हरकत देखकर कॉलोनी के लोग इकट्‌ठा हो गए और दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस होटल से नशेड़ी बाहर निकले थे, वहां अवैध गतिविधियां होती हैं, जिससे महिलाओं में असुरक्षा का माहौल बना रहता है। दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई पुलिस विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित महेश नगर में होटल इन पैलेस संचालित है। गुरुवार रात होटल में ठहरे दो युवकों ने शराब के नशे में हंगामा शुरू कर दिया। युवक होटल के बाहर गाली-गलौज करने लगे। होटल के सामने रहने वाली महिला माला शर्मा ने कॉलोनी की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उन्हें हंगामा करने से मना किया। इस पर शराब के नशे में चूर दोनों युवक मारपीट पर उतारू हो गए। घटना को देखकर महिलाओं के परिजन और कॉलोनी के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने दोनों नशे में धुत युवकों की पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही दोनों युवकों को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को सौंपा गया CCTV फुटेज पुलिस दोनों युवकों को लेकर विश्वविद्यालय थाने पहुंची। कुछ स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए। कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों के फुटेज पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनमें युवक हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में सीएसपी हिना खान ने बताया कि सिटी सेंटर में एक होटल के बाहर दो युवकों द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज भी जांच में शामिल किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *