ग्वालियर से पकड़ा गया 10 साल से फरार आरोपी:पन्ना पुलिस ने सड़क दुर्घटना के मुख्य अभियुक्त को किया गिरफ्तार

पन्ना पुलिस ने ग्वालियर में दबिश देकर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले लगभग 10 सालों से फरार चल रहा था। यह मामला साल 2016 का है, जब सलेहा थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे के मुख्य आरोपी रामबरन सिंह (28 वर्ष), निवासी हजीरा (ग्वालियर) के खिलाफ धारा 279, 337, 338 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने जिले में लंबित स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इसी अभियान के तहत सलेहा पुलिस को इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सलेहा पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी ग्वालियर के माधवीनगर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और ग्वालियर में आरोपी के घर के पास घेराबंदी की। पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर पन्ना लाया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी रामबरन सिंह को पन्ना के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता और लंबे समय तक फरार रहने को देखते हुए आरोपी को सीधे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस गिरफ्तारी में सलेहा थाना प्रभारी बलवीर सिंह, प्रधान आरक्षक गोविन्द सिंह, आरक्षक बबलू पटेल, गौरव सिंह, आशीष बुनकर और सायबर सेल पन्ना की तकनीकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *