धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र के तसीमों गांव में बुधवार को घरेलू बंटवारे को लेकर हुए विवाद में देवर ने अपनी भाभी के साथ मारपीट करते हुए उसकी नाक काट दी। इस हमले में देवरानी भी शामिल थी। घायल महिला को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल महिला पूनम ने बताया कि उनके पति राहुल जोधपुर में लकड़ी के काम पर मजदूरी करते हैं, और वह घर में अकेली रहती हैं। उनका देवर रोहित और देवरानी कामता के साथ घर के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। मकान के बंटवारे को लेकर देवर और देवरानी अक्सर मारपीट करते रहते हैं। पूनम के अनुसार, बुधवार को जब वह फोन पर बात कर रही थीं, तभी देवर और देवरानी ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान देवर ने उनकी नाक काट दी। घायल पूनम को सैपऊ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं, मामले को लेकर महिला ने अपने पीहर पक्ष को सूचना दी। जिस सूचना पर महिला और उसके भाई ने थाने में पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी हैं। जिस शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी हैं।


