भास्कर न्यूज | धमतरी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से गांवों में सस्ती और स्थायी बिजली पहुंच रही है। कोलियारी के भूपेन्द्र ने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने विद्युत विभाग से संपर्क किया। आवेदन देने के एक माह के भीतर उनके घर की छत पर 3 किलोवाट का सौर पैनल लग गया। अब उन्हें बिजली बिल नहीं देना पड़ रहा। योजना का मकसद घरेलू उपयोग के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इससे बिजली की कमी दूर होगी। पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। गांवों में बिजली की पहुंच बढ़ेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। सौर पैनल से बनी अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जाती है। इससे उपभोक्ता को आय होती है। योजना के तहत 30 हजार से 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी मिलती है। यह सब्सिडी पैनल की क्षमता पर निर्भर करती है। तीन किलोवाट से अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपए की सब्सिडी मिलती है। उपभोक्ता अपनी पसंद का ब्रांड चुन सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए pmsuryaghar.gov.in या मोबाइल एप पर पंजीयन करना होता है। लॉग इन आईडी मिलने के बाद पोर्टल पर वेंडर का चयन करना होता है। बिजली विभाग के कर्मचारी की मदद से आवेदन पूरा होता है। अनुबंध पर हस्ताक्षर के बाद वेंडर छत पर पैनल लगाता है। डिस्कॉम नेट मीटर लगाता है। सत्यापन के बाद सब्सिडी ऑनलाइन जारी होती है। उपभोक्ता चाहें तो शेष राशि के लिए सात प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक से ऋण भी ले सकते हैं। इसके लिए जनसमर्थन पोर्टल से आवेदन भेजा जाता है।


