घर के आंगन में बुजुर्ग की ​हत्या:खाट पर मिला लहूलुहान शव, परिजनों ने एक पर जताया हत्या का शक; पुलिस जांच में जुटी

डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के देवल मनात फला गांव में एक बुजुर्ग की अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर दी। बुजुर्ग का लहूलुहान शव घर के आंगन में खाट पर पड़ा मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाने के सीआई शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मनात फला गांव निवासी धुला मनात ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। धुला मनात ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह मजदूरी के लिए देवल गया था। उस समय उसके पिता शंकर मनात गांव के ही शांतिलाल पुत्र शंकर कोटेड के साथ घर पर बातचीत कर रहे थे।
देर शाम धुला को सूचना मिली कि उसके पिता शंकर घर के आंगन में खाट पर लहूलुहान हालत में पड़े हैं और बोल नहीं रहे हैं। घर पहुंचने पर उसने देखा कि निर्माणाधीन कमरे के बाहर खाट पर पिता का शव पड़ा था। मृतक के सिर, गले और सीने पर गंभीर चोट के निशान थे, तथा सिर व गले से खून बह रहा था। धुला मनात ने तुरंत अपने बड़े भाई बाबूलाल मनात को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में बाबूलाल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। रात को पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
शनिवार सुबह परिजन और पुलिस मोर्चरी पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने गांव के ही शांतिलाल कोटेड निवासी बटका फला देवल पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *