भीलवाड़ा | शहर के सदर थाना क्षेत्र के सिदड़ियास गांव में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे चोर एक घर में घुस गए। छत के रास्ते घर में घुसे चोर बुजुर्ग महिला की सोने की 12 ग्राम वजनी नथ चोरी कर फरार हो गए। सिदड़ियास निवासी देवबक्ष गाडरी पुत्र घीसा ने सदर थाने में दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में बताया कि रात के समय परिवारजन बरामदे और दरवाजों के पास सो रहे थे। इस दौरान चोर मकान के पीछे से लकड़ी की सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े और घर में घुसे। देवबक्ष गाडरी ने बताया कि वे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने उनके कमरे का दरवाजा बाहर से लुंगी से बांध दिया, ताकि वे बाहर नहीं निकल सकें। इसके बाद उनकी माता चांदू देवी के नाक की करीब 1.80 लाख रुपए कीमत सोने की नथ चुरा ली और छत के रास्ते फरार हो गए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने सदर थाने में एफआईआर दर्ज करवाकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी की मांग की है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


