भास्कर न्यूज | अमृतसर/अजनाला गांव भीलोवाल पखा स्थित खेतों के बीच में बने डेरे पर लूट के इरादे से 8/10 लुटेरे पहुंच गए। इस दौरान डेरे के मालिक 2 भाइयों और लुटेरों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। लुटेरे की ओर से चलाई गोली एक भाई के बाजू में लगने से वह घायल हो गया, जबकि जबावी फायरिंग में एक लुटेरा मारा गया। गोली चलने की आवाज सुनने के बाद आस-पास के गांव के लोग बाहर आ गए, जिसके बाद बाकी के लुटेरे मौके से फरार हो गए। जख्मी युवक को सिटी के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना मंगलवार देर रात डेढ़ बजे की है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी धरमिंदर कल्याण और थाना लोपोके एसएचओ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लुटेरे के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। डेरे के मालिक युद्धबीर ने बताया कि उसका घर खेतों के बीच है। देर रात लुटेरे घर में दाखिल हो गए थे। वह अपने बड़े भाई जसपाल सिंह के साथ डेरे के पिछले वाले दरवाजे से बाहर निकले। जहां लुटेरों से सामना हो गया। लुटेरों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। बचाव में लाइसेंसी हथियार से लुटेरों पर गोलियां चलाई। एक गोली उसके भाई जसपाल के बाजू में लगने से वह जख्मी हो गया। वहीं जबावी फायिरंग में एक लुटेरा मारा गया।


