भास्कर न्यूज | कवर्धा सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा पहुंचे। उन्होंने भठैला टोला के पास हुए सड़क हादसे में घायल मरीजों से मुलाकात की। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री हेलिपैड से सीधे चंद्रयान हॉस्पिटल, रेडियंस हॉस्पिटल, डॉ. नितिन जैन क्लिनिक, स्नेहा क्लीनिक और रूपजीवन हॉस्पिटल पहुंचे। वहां घायलों और उनके परिजनों से बातचीत की। डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन से कहा कि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। हरसंभव मदद दी जाएगी। अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर उचित उपचार मिले। इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल हैं। मालवाहक में यात्रियों को ना ले जाएं, जागरूक बनें उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि मालवाहक वाहनों का उपयोग यात्री परिवहन के लिए न करें। इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। ताकि इस बरत की घटनाएं दोबारा न हों। इसके बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला ब्लॉक के ग्राम सिंघनपुरी, हाथीडोब और चिमरा पहुंचे। सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदन प्रगट की। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने इस घटना को लेकर अपने गहरे दुःख और संवेदना व्यक्त करते हुए दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।


