राजस्थान की राइडर साईमा सैयद ने नेशनल एंड्यूरेंस चैंपियनशिप की 60 किलोमीटर रेस को शानदार अंदाज़ में पूरा कर 80 किलोमीटर की रेस में जगह बना ली है। डूंडलोद के आरईपीसी पोलो ग्राउंड में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप में साईमा ने अपनी घोड़ी ‘कोको’ के साथ दमदार प्रदर्शन किया। साईमा ने पहले भी एक ही सत्र में 40, 60 और 80 किलोमीटर की दो रेसें पूरी कर वन-स्टार राइडर बनने की उपलब्धि हासिल की थी। बता दें कि करीब एक दशक पहले जब घुड़सवारी रेसों में महिला राइडर्स नाम मात्र की होती थीं, तब साईमा ने यह चुनौती उठाई। शुरुआती संघर्षों और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने कदम पीछे नहीं खींचे। अब उन्हीं के पदचिह्नों पर कई युवा महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं। बता दें कि घुड़सवारी उन चुनिंदा खेलों में से है जहाँ पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए कोई अलग श्रेणी नहीं होती। सभी को समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा करनी होती है।


